आज़मगढ़। चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में इसकी मौजूदगी और लापरवाही से उड़ाई जा रही पतंगें राहगीरों के लिए खतरा बन रही हैं। आए दिन चाइनीज मांझे की चपेट में आकर लोग घायल हो रहे हैं, जिससे प्रशासन की सख्ती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से डॉक्टर सहित दो लोग जख्मी हो गए। गनीमत रही कि किसी के होंठ और अंगुली कट गई तो किसी का हेलमेट जान बचाने में काम आ गया और केवल हल्की खरोंच आई। दोनों घायलों ने निजी चिकित्सालयों में इलाज कराया।


मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना कप्तानगंज चौक के पास घटी जब हरकपुरा थाना महराजगंज निवासी अखिलेश यादव गुरूवार की दोपहर किसी कार्य से बाइक से जिला मुख्यालय जा रहे थे। कप्तानगंज चौक से ठीक पहले महराजगंज रोड पर पहुंचते ही वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। संयोग अच्छा रहा कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में उन्होंने स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार कराया।

वंही दूसरी घटना जलालपुर जगनंदन पट्टी निवासी अरविंद यादव (26) बृहस्पतिवार को मठगोविंद बाजार से दवा लेने गए थे। दवा लेकर घर पहुंचे और दोपहर में भोजन करने के बाद मोलनापुर बाजार स्थित अपनी डिस्पेंसरी जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे मुखालिसपुर नहर के पास सड़क पर झूल रहे चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। इससे उनके होंठ और हाथ की अंगुली कट गई और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल पास के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार किया गया।