आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद आजमगढ़ के विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायत कोल बाज बहादुर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश और सहायक विकास अधिकारी की निगरानी में चलाया गया, जिसका उद्देश्य बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम करना है।
ग्राम प्रधान की देखरेख में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने नालियों की सफाई, जमीन पर रुके हुए पानी की निकासी, और एंटी लार्वा व दवाओं का छिड़काव किया। ग्रामवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि साफ-सफाई ही बीमारियों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है। इस अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, श्रीकृष्ण यादव, मो. असलम समेत अन्य ग्रामीणों ने भाग लिया और पूरे उत्साह से अपने पंचायत को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। इस पहल के माध्यम से “मेरा ग्राम, मेरा प्रदेश – स्वच्छ और सुंदर” का संकल्प साकार होता नजर आया।
ग्राम पंचायत कोल बाज बहादुर समेत विकासखंड पल्हनी की सभी पंचायतों में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार जैसे बीमारियों से ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके।ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान की सफलता तभी संभव है जब इसमें स्थानीय जनता, पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासन तीनों की समान भागीदारी हो।
