रिपोर्ट: अरुण यादव/एसपी त्रिपाठी

आज़मगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को आजमगढ़ दौरे पर हैं। वे कलक्ट्रेट में एसआईआर को लेकर मंडल के जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और एसआईआर संयोजकों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस दौरान मंडल में एसआईआर को लेकर चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री लगभग दो  घंटे तक जिले में रहेंगे और सुबह 9.35 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद वे सीधे कलक्ट्रेट पहुंचेंगे।

सुबह 10 बजे से 11 बजे तक मुख्यमंत्री मंडल के तीनों जिलों में चल रहे एसआईआर के काम की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक में तीनों जिलों के डीएम और एसपी भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि बैठक का मुख्य विषय एसआईआर होगा।

गुरुवार की सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार बैठक में मंडल से ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पार्टी के तीनों जिलों के जिलाध्यक्ष, भाजपा के मंडल एसआईआर प्रभारी प्रदेश मंत्री शिवभूषण, एसआईआर के आजमगढ़ संयोजक नन्हकू राम सरोज, तीनों जिलों में लगाए गए जिला प्रवासी, सभी जिलों के प्रभारी और एसआईआर संयोजक भी उपस्थित रहेंगे। सभी सांसद, विधायक, एमएलसी और 2022 के विधानसभा व लोकसभा चुनावों में उम्मीदवार रहे नेता भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा सभी विधानसभाओं में पार्टी की तरफ से काम कर रहे BLA भी उपस्थित रहेंगे। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे की बैठक में मुख्यमंत्री मंडल में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

इन रूटों पर रहेगा रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में गुरुवार को अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह पांच बजे से 11.30 बजे तक सिविल लाइन स्थित पंचदेव चौराहा से डायवर्जन रहेगा। कोई भी दोपहिया या चारपहिया वाहन पुलिस लाइन गेट की ओर नहीं जाएगा। वाहन सिविल लाइंस होते हुए अग्रसेन चौराहा या बांध की दिशा में जाएंगे। अग्रसेन तिराहा, गांधी तिराहा और रैदोपुर तिराहा पर भी डायवर्जन लागू है। कोई भी वाहन कलक्ट्रेट, ट्रेजरी या नेहरू हाल की दिशा में नहीं जाएगा। दास फर्नीचर तिराहा, कोतवाली, बांध मार्ग और सिधारी पुल मार्ग से वाहनों को निर्देशित किया गया है।