आजमगढ़।   मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी का सराय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, दवा वितरण, प्रसव कक्ष और वैक्सीनेशन भंडारण की व्यवस्था की समीक्षा की गई।


निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. अजय जायसवाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सीएमओ ने आकस्मिक चिकित्सा कक्ष और दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया और निर्देशित किया कि एआरबी/एएसबी की उपलब्धता व रखरखाव मानक के अनुसार होना चाहिए, ताकि गुणवत्तापूर्ण वैक्सीन का लाभ आमजन तक पहुंच सके।

दवाओं का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। प्रयोगशाला कक्ष के बाहर जांचों की सूची लगाने का निर्देश दिया गया। प्रसव कक्ष में निरीक्षण के दौरान सामने आया कि एक नवजात को म्यूकोनियम एक्सपेरियेशन के कारण जिला महिला चिकित्सालय रेफर किया गया था, लेकिन उसका अंकन रजिस्टर में दर्ज नहीं था। इस पर सीएमओ ने सख्त निर्देश दिए कि सभी रेफर रोगियों का रजिस्टर में अंकन सुनिश्चित किया जाए।

वहीं वैक्सीनेशन भंडार के निरीक्षण में पाया गया कि डीप फ्रीजर खराब है। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि मरम्मत कराई गई थी, लेकिन सही तरह से काम नहीं कर रहा। सीएमओ ने इसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साफ-सफाई सामान्य पाई गई, हालांकि कक्षों की कमी की समस्या बनी हुई है।