रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आज़मगढ़। कैलाशी महिला विकास समिति द्वारा संचालित मानसिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय ध्यानीपुर, लोहरा में संस्था का 12वां वार्षिकोत्सव एवं क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मानसिक दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया।


मिली जानकारी के अनुसार कैलाशी महिला विकास समिति, आजमगढ़ द्वारा संचालित मानसिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय ध्यानीपुर, लोहरा में आयोजित 12वें वार्षिकोत्सव एवं क्रिसमस समारोह में उपमुख्य चिकित्साधिकारी आजमगढ़ डॉ. आलेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा के अधीक्षक देवानंद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दिव्यांग बच्चों के साथ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मानसिक दिव्यांग बच्चों ने नृत्य व गीतों की सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से ईसा मसीह को स्मरण करते हुए क्रिसमस पर्व एवं संस्था का वार्षिकोत्सव मनाया।


बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. आलेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
विशिष्ट अतिथि देवानंद यादव ने भी संस्था के कार्यों को अनुकरणीय बताते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। संस्था के संचालक योगेंद्र यादव ने कहा कि कैलाशी महिला विकास समिति की स्थापना दीन-दुखियों एवं दिव्यांगजनों की सेवा के उद्देश्य से की गई थी और संस्था निरंतर उसी दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा गरीब दिव्यांगजनों को स्वेटर एवं टोपी वितरित कर ठंड से बचाव हेतु सहायता प्रदान की गई।

कार्यक्रम में प्रबंधक सुनीता देवी, प्रियंका राय, लीलावती, विनीता, रेनू, निलेश, प्रवीन गिरी, दिवाकर, सुमित, संगीता, रंजना, वंदना, धर्मेंद्र, सुधाकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे