
रिपोर्ट:एसपी त्रिपाठ
आजमगढ़। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक 8 वर्षीय मासूम को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेल-खेल में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी अन्जूम पत्नी स्वर्गीय इकबाल, निवासी ग्राम फरिहा थाना निजामाबाद, वर्तमान में धर्मोनाला (कोतवाली) में किराये के मकान में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दो अप्रैल की शाम 7 बजे उनका 8 वर्षीय बेटा इशान घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान खेल के दौरान उसका विवाद मोहल्ले के ही लड़के आजम पुत्र नशीम खां, निवासी मोहल्ला अइनिया थाना कोतवाली से हो गया।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते आजम ने इशान के ऊपर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी, जिससे बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रार्थिनी ने आरोप लगाया है कि यह हमला जान से मारने की नीयत से किया गया है और पुलिस से मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
