आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर कस्बा स्थित अस्थायी गोशाला में गोवंशों के ठंड से बचाव के इंतजाम न मिलने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मेंहनगर कस्बा स्थित अस्थायी गोशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में कुल 162 गोवंश पाए गए, लेकिन ठंड से बचाव के लिए आवश्यक तिरपाल, बोरा, भूसा और अन्य इंतजाम नाकाफी मिले। कई गोवंश खुले में ठंड से ठिठुरते नजर आए, जिससे जिलाधिकारी नाराज़ हो गए।
डीएम ने गोशाला में तैनात दो केयरटेकरों की गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चारा, पानी, साफ-सफाई और पशुओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए नियमित पशु चिकित्सकीय जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही गोशाला परिसर में साफ-सफाई और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने कस्बे में संचालित रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया। वहां पाई गई कमियों पर नगर पंचायत अधिकारियों को फौरन सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में रैन बसेरा गरीब, असहाय और बेघर लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय होना चाहिए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रशांत कुमार, तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी, ईओ सूर्यनाथ सरोज, सहायक सीबीओ वाईके यादव, पशुपालन विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
