आजमगढ़।जिले के थाना सिधारी क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ क्रेडिट कार्ड पर आकर्षक ऑफर देने के नाम पर साइबर ठगी कर 84,460 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई से पूरी धनराशि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सिधारी क्षेत्र के शंकर जी मूर्ति तिराहा निवासी ऋषभ रंजन चतुर्वेदी पुत्र प्रदीप के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर कॉल किया। कॉल करने वाले ने क्रेडिट कार्ड पर आकर्षक ऑफर का लालच देकर उन्हें विश्वास में लिया और बातचीत के दौरान ओटीपी प्राप्त कर लिया। इसके बाद पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से कुल 84,460 रुपये निकाल लिए गए।
पैसे कटने की जानकारी होने पर पीड़ित को साइबर ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर शिकायत संख्या 33103260049148 दर्ज कराई। शिकायत थाना सिधारी पर प्राप्त होने के बाद पुलिस की साइबर टीम ने साइबर सेल आजमगढ़ से तकनीकी सहायता लेकर त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर 84,460 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
