आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से वीजा समाप्त होने का झांसा देकर साइबर फ्रॉड किया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 20,439 रुपये वापस कराए।


थाना जीयनपुर क्षेत्र के हरैया हिरनी गुल्लीगढ़ निवासी  रामदवर पुत्र गिरधारी को दामाद अशोक कुमार, जो दुबई में रहते हैं, के नाम से फेक फेसबुक आईडी बनाकर मैसेंजर के माध्यम से संपर्क किया गया। साइबर ठगों ने बताया कि दामाद का वीजा समाप्त हो गया है और तुरंत 50,000 रुपये भेजने को कहा। रामदवर ने 5 फरवरी  को अपने पुत्री नीलम के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 50,000 रुपये भेज दिए। इसके बाद पुनः एक लाख रुपये की मांग की गई। संदेह होने पर रामदवर ने साइबर पोर्टल (NCRP) पर शिकायत संख्या 231022500XXXX दर्ज कराई।

शिकायत की जांच उ0नि0 विश्वजीत पाण्डेय व क0आ0 शहादत अंसारी द्वारा की गई। जांच में पाया गया कि खाते से 50,000 रुपये की ठगी हुई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते 20,439 रुपये होल्ड कर वापस कराए गए। गुरुवार को यह रकम नीलम के खाते में लौटाई गई। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऑनलाइन ठगी से बचने की अपील की है।