आजमगढ़। साइबर ठगी का एक और मामला पुलिस की तत्परता के कारण जल्दी सुलझ गया। गोमाडीह के रहने वाले प्रशांत राय के मोबाइल में अनजाने में इंस्टॉल हुई हानिकारक .APK फाइल के कारण उनके HDFC बैंक खाते से ₹36,500/- गायब हो गए थे। जैसे ही मामले की जानकारी मिली, थानाध्यक्ष गम्भीरपुर के निर्देशन में पुलिस की साइबर टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आवेदक की राशि सुरक्षित कर वापस कराई।

मिली जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को प्रशांत राय पुत्र गोपाल राय का बैंक खाता साइबर फ्रॉड का शिकार हुआ। उनके मोबाइल में मौजूद .APK फाइल ने बैंक खाते से ₹36,500/- की राशि डेबिट करवा दी। घटना के तुरंत बाद प्रशांत राय ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष  अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में थाना गम्भीरपुर की साइबर टीम ने मोबाइल फोन को स्कैन किया और फाइल को तुरंत अनइंस्टॉल किया। टीम ने फ्रॉडस्टर के खाते में फ्रीज कराई गई राशि को ट्रैक किया और कानूनी प्रक्रिया के तहत ₹36,500/- की राशि आवेदक के खाते में सफलतापूर्वक वापस कराई।
प्रशांत राय ने राशि मिलने के बाद पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजाने .APK फाइल या संदिग्ध लिंक को मोबाइल में इंस्टॉल न करें और किसी भी शंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें।