आज़मगढ़। साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ ने ऑनलाइन गेमिंग और लूडो बेटिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से बड़ी मात्रा में डिजिटल और बैंकिंग सामग्री बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान में साइबर क्राइम थाना ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। प्रतिबिम्ब पोर्टल पर ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के नाम पर ठगी की शिकायतें प्राप्त होने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर)  विवेक त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी सदर/सहायक नोडल साइबर श्रीमती आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान सूरज प्रजापति, पुत्र हरिलाल प्रजापति, निवासी नसीरपुर खालसा, थाना निजामाबाद का नाम सामने आया। रविवार को प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह और उनकी टीम ने लोकेशन के आधार पर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया।

अभियुक्त के पास से सात मोबाइल, 16 बैंक पासबुक, 15 चेकबुक, 44 एटीएम कार्ड, 2 मुहर, 1 डायरी, 2बारकोड मशीन और ₹850 नकद बरामद हुए। सूरज प्रजापति विभिन्न फर्जी टेलीग्राम ID के माध्यम से महादेव लूडो ग्रुप, RP Ludo World, Ludo Junction 5%, Ludo King Betting, King Ludo Club, Nisha Ludo Club और Superstar Ludo Club जैसे ग्रुप संचालित करता था। वह लोगों को ऑनलाइन गेम खेलकर पैसे कमाने का लालच देकर अपने ग्रुप में जोड़ता और बेटिंग के जरिए ठगी करता था। NCRP पोर्टल पर उसके खिलाफ 13 शिकायतें दर्ज हैं।