आजमगढ़। नगर  के डी.ए.वी. पीजी कॉलेज में आयोजित अंतर्जनपदीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बेटियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न महाविद्यालयों की सहभागिता वाली इस प्रतियोगिता में महिला वर्ग ने ओवरऑल विजेता बनकर अपना दबदबा कायम किया।


डी.ए.वी. पीजी कॉलेज परिसर में अंतर्जनपदीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार की प्रेरणा एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रेमचंद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता की देखरेख खेल प्रभारी डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. विपिन अस्थाना एवं डॉ. युगांत उपाध्याय ने की।

प्रतियोगिता में महिला वर्ग में डी.ए.वी. पीजी कॉलेज की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि घोसी मऊ पीजी कॉलेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। पुरुष वर्ग में खुर्रमपुर पीजी कॉलेज ने प्रथम और रघुपुर पीजी कॉलेज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धाओं में भी डी.ए.वी. पीजी कॉलेज की बेटियों का दबदबा रहा, वहीं सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी मऊ की छात्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
खेल सचिव प्रो. प्रशांत राय ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर निरंतर हो रहे ऐसे आयोजनों का सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय फलक पर देखने को मिल रहा है। इस प्रतियोगिता में खुर्रमपुर, गहजी, घोसी, रघुपुर, अष्टभुजी, कोयलसा पीजी कॉलेज सहित मेजबान डी.ए.वी. पीजी कॉलेज ने सहभाग किया।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेल में सहभाग ही सबसे बड़ी जीत है। अंत में प्राचार्य प्रो. प्रेमचंद ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।