आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विशेखा गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के भीतर एक किशोरी का फंदे से लटकता शव मिला। मृतका की पहचान 16 वर्षीय सानिया पुत्री गयासुद्दीन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सानिया ने दोपहर में घर के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिवार के लोग उसे आवाज देने लगे, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो कमरे के अंदर सानिया का शव फंदे से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कराने की तैयारी में जुट गए थे। इसी दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल करते हुए परिजनों से पूछताछ की है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
