मऊ।  जिले की चर्चित घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे, डॉक्टर सुजीत सिंह ने की। 67 वर्ष की उम्र में हुए उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें मंगलवार को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया। गुरुवार सुबह मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

डॉक्टर सुजीत सिंह ने बताया कि विधायक सुधाकर सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट आने के बाद उन्हें लखनऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी। हालांकि, इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

सुधाकर सिंह हाल ही में हुए उपचुनाव में अपनी जीत के कारण सुर्खियों में थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को एक बड़े अंतर से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी।

सुधाकर सिंह का जन्म मऊ जिले के दादनपुर अहरौली गांव में हुआ था। उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में एमए की डिग्री प्राप्त की। मात्र 20 वर्ष की आयु में वे छात्रसंघ अध्यक्ष बने और राजनीति में सक्रिय हो गए। हाल में ही वे बिहार चुनाव में भी कई सीटो पर चुनाव प्रचार भी किए थे।