आज़मगढ़। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को जनपद के दौरे पर पहुंचे। अपराह्न करीब 11:35 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन आज़मगढ़ पहुंचा, जहां भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पुलिस लाइन पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री सीधे हरिऔध कला भवन गए। यहां ब्रह्मर्षि स्वामी सहजानंद सेवा न्यास एवं महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में उन्होंने शिरकत की और कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद उप मुख्यमंत्री दोपहर करीब दो बजे राम-जानकी मैदान, शाहगढ़ पहुंचेंगे, जहां ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके उपरांत अपराह्न 3:10 बजे वे पुनः पुलिस लाइन पहुंचेंगे।
उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद रहा। सिधारी से लेकर कचहरी और कलेक्ट्रेट तक सड़क व सड़क किनारे साफ-सफाई कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र जगह-जगह रूट डायवर्जन किया गया तथा चौराहों व प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
