आजमगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 22 जनवरी को प्रस्तावित जनपद आगमन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन, कलक्ट्रेट से लेकर शाहगढ़ बाजार और कार्यक्रम स्थलों पर युद्ध स्तर पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 22 जनवरी को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हैलीपैड पहुंचेंगे। वहां से वे कार द्वारा हरिऔध कला केंद्र जाएंगे, जहां स्वामी सहजानंद सरस्वती पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में शामिल होंगे। इसके बाद कलक्ट्रेट भवन के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।


इसके उपरांत वे सठियांव विकास खंड क्षेत्र के शाहगढ़ बाजार स्थित राम-जानकी मैदान के पास जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद उपमुख्यमंत्री कार से वापस पुलिस लाइन हैलीपैड पहुंचेंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।


डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर पुलिस लाइन हैलीपैड, विकास भवन, कलक्ट्रेट, शाहगढ़ बाजार, राम-जानकी मैदान और जूनियर हाईस्कूल परिसर में व्यापक साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके लिए ग्राम पंचायतों के करीब डेढ़ सौ सफाई कर्मियों को लगाया गया है।


सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, डीपीआरओ पवन कुमार और खंड विकास अधिकारी सठियांव हरिमोहन सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर स्टेज निर्माण, जनसभा की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।