आजमगढ़। सावन के तीसरे सोमवार को  जनपद के प्रमुख मंदिरों एवं शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिव भक्तों ने ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ शिवलिंग पर बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल, माला, दुग्ध एवं गंगाजल से जलाभिषेक कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया।

नगर के भंवरनाथ मंदिर और बेलइसा स्थित बौरहवा बाबा मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दर्शन व जलाभिषेक का क्रम पूरे दिन भर चलता रहा। भक्तों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ वालंटियरों को भी तैनात किया गया था।
अराजकतत्वों पर निगरानी रखने के लिए प्रमुख मंदिर परिसरों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हर मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। शहर के भंवरनाथ व बेलइसा के अलावा मातवरगंज, सिधारी, मुकेरीगंज के मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिवभक्तों की अपार श्रद्धा देखने को मिली। महराजगंज के भैरोबाबा मंदिर, पातालपुरी, निजामाबाद के दत्तात्रेय धाम, फूलपुर के दुर्वासा धाम, रानी की सराय के अवंतिकापुरी मंदिर, जहानागंज के शेरपुर कुटी, मेंहनगर के महामंडलेश्वर धाम, मार्टीनगंज के चितारा और फरिहां के प्राचीन शिव मंदिर में दिनभर श्रद्धालु जुटे रहे।

लालगंज के घमरिया पातालपुरी महादेव, विद्युत विभाग परिसर का शिव मंदिर, तहसील परिसर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर, रेटेश्वर महादेव मंदिर (चन्द्रशेखर आज़ाद नगर, रेतवा-चन्द्रभानपुर) पर भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
कई स्थानों पर मेले भी लगे, जहाँ श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ-साथ खाने-पीने व खरीदारी के सामान भी लेते नजर आए। समूचा जनपद शिवमय हो गया था।