आजमगढ़। श्री नरोत्तम ब्रह्म इंटर कॉलेज सुंदरपुर, भीमवर के हिंदी प्रवक्ता पंकज कुमार सिंह के खिलाफ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए डीआईओएस कार्यालय परिसर में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए, जिसकी सूचना विद्यालय के प्रधानाचार्य ने फोन पर दी। इसके अलावा, शिक्षक पर डीआईओएस कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकारियों एवं पटल सहायकों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं।
इन शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन अवरुद्ध किया गया है और कार्यालय परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही, उन्हें प्रधानाचार्य के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण न देने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
