आज़मगढ़। जिले के सगड़ी तहसील के हरैया ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर अब फ्लोर टेस्ट होने जा रहा है। शनिवार को सुबह से ही ब्लॉक परिसर पर गहमागहमी देखने को मिली। बारिश और ठंड के बीच ब्लॉक पर सियासी तापमान गर्म दिखाई दिया। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बीच राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही।

ब्लॉक पर मौजूद सूत्रों के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे चर्चा शुरू हुई। इस चर्चा में कुल 62 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 54 बीडीसी सदस्य और 8 प्रस्तावक शामिल थे। वहीं, अन्य बीडीसी सदस्य दोपहर 1 बजे तक अनुपस्थित रहे। दोपहर करीब 1 बजे चर्चा समाप्त हो गई। अब फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया होगी। फ्लोर टेस्ट के बाद काउंटिंग की जाएगी, लेकिन इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

प्रशासन पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और शांति बनाए रखने को लेकर सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकार रविन्द्र कुमार ने बताया कि
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सारी व्यवस्थाएँ दुरुस्त की गई हैं। जगह-जगह पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अंदर चर्चा (डिस्कशन) चल रही है, जहाँ केवल क्षेत्र पंचायत के सदस्य और उनके प्रस्तावक ही उपस्थित हो सकते हैं। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पहले सदस्यों के बीच चर्चा होती है, इसके बाद सीक्रेट बैलेट से वोटिंग की प्रक्रिया होगी। वोटिंग के बाद काउंटिंग की जाएगी, लेकिन उसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। अभी तक की प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है और आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही पूरी कार्रवाई कराई जाएगी।


गौतलब है कि हरैया ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत सदस्य वंदना ने यह अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसका फ्लोर टेस्ट 4 अक्टूबर को होना है। एक ओर भाजपा समर्थित प्रत्याशी संदीप पटेल और उनके प्रतिनिधि संतोष सिंह लगातार क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ बैठकें कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर अविश्वास प्रस्ताव लाने वालों के समर्थन में कौशलेंद्र सिंह और आशीष सिंह राय अपने पक्ष में सदस्यों को करने की कवायद में जुटे हैं। यह चुनाव भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है और इसमें पार्टी की आंतरिक गुटबाजी भी खुलकर सामने आने लगी है।