रिपोर्ट:अरुण यादव

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर पी.डी.ए. भवन, मुख्य पार्टी कार्यालय, अनवरगंज, आजमगढ़ में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर बेईमानी से चुनाव जीतना चाहती है। भाजपा का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास नहीं है, वह दमन, अत्याचार और फर्जी मुकदमों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सफल नहीं होने देंगे।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी की एकजुटता और मुस्तैदी के कारण भाजपा के फॉर्म-7 के प्रयास विफल हुए हैं। यह संघर्ष 2027 का चुनाव जीतने तक जारी रहेगा और समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता इसके लिए कटिबद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि निवेश के नाम पर केवल घोषणाएं हो रही हैं। दस वर्षों में कोई ठोस निवेश जमीन पर नहीं उतर सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता योगी सरकार से उब चुकी है और बदलाव चाहती है।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जनता खुशहाली और तरक्की के लिए अखिलेश यादव को सत्ता में लाना चाहती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की।
बैठक में एमएलसी व राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक आलमबदी आजमी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।