रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के महानी देवारा जदीद गांव में बिजली के खंभे पर तार हिलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस विवाद में भाला मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान मनीराम निषाद (38) पुत्र जैतू निषाद के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान था। घायल चंदन कुमार (21) और पुतुल (26) पुत्र मिसिर का इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब मनीराम निषाद ने बिजली के कटिया कनेक्शन को लेकर आपत्ति जताई। पड़ोसी खंभे से अवैध कनेक्शन ले रहे थे और तार हिला रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने भाले से हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मनीराम ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
