कानपुर देहात। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), कानपुर देहात में शुक्रवार को राजकीय एवं माध्यमिक शिक्षकों का जनपद स्तरीय नवाचार महोत्सव, बेस्ट प्रैक्टिस एवं नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के बीच नवाचार, सहयोग और शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य राजेश वर्मा, अतिथि पर्यवेक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। प्राचार्य ने कहा कि यह मंच शिक्षकों को प्रेरित करेगा और शिक्षण में नई तकनीकों व प्रयोगों को साझा करने का अवसर देगा। विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और गिनती सिखाने की अभिनव तकनीक, डिजिटल माध्यम से शिक्षण, खेलों द्वारा जीवन कौशल का विकास, प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण, बाल-केंद्रित गतिविधियों आदि का प्रदर्शन किया।

नॉलेज शेयरिंग सत्र में शिक्षकों ने बताया कि नवाचार और आपसी संवाद से शिक्षा को रोचक, प्रभावी और बच्चों के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है। शिक्षकों ने यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार रचनात्मकता और साझा अनुभव है।

समापन पर प्राचार्य ने शिक्षकों को अलग-अलग तीन विषयों में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ जगदंबा त्रिपाठी और अरुण कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर प्रवक्ता डॉ प्राची शर्मा, डॉ मोनिका गुप्ता, डॉ अनुराधा पाल सहित प्रशिक्षु आदित्य, सुमित, अभय, आशीष, रोजी, अक्शा, दिव्यांशी, प्रियांशी, अनु, शिवानी, स्वाति गौरांग, श्रुति, मयंक, बुद्धशील आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संकल्प लिया गया कि नवाचार को प्रोत्साहित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जाएगा।