आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, स्वरोजगार बंधु, औद्योगिक एवं व्यापारिक सुरक्षा फोरम तथा रोजगार सेक्टर की समीक्षा बैठक हुई।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना में जनपद की प्रदेश में दूसरी रैंक है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराकर जनपद को प्रथम स्थान पर लाया जाए। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत भी अधिकतम लोगों को ऋण देकर जनपद की स्थिति सुधारी जाए।

उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत लम्बित प्रकरणों को तुरंत निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जो उद्यमी उद्योग स्थापित करने के इच्छुक नहीं हैं, उनके नाम पोर्टल से हटाए जाएं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन आवेदनों में ई-बाउचर जारी हो चुका है, उनका शत-प्रतिशत लोन स्वीकृत किया जाए।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में जनपद की रैंक 14वीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी से रोजगार मेले आयोजित कर युवाओं को रोजगार देने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान आर्गेनोफास मिनी औद्योगिक आस्थान सोफीपुर लालगंज और सर्फुद्दीनपुर औद्योगिक क्षेत्र में दो भूखंडों पर मशीनें व कार्य बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उनके आवंटन आदेश निरस्त करने की संस्तुति दी।

बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग एसएस रावत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।