आजमगढ़। जिलाधिकारी  रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने पंचायत चुनाव की दृष्टिगत सहायक अध्यापकों को बीएलओ बनाए जाने की प्रगति पर असंतोष जताते हुए बीएसए/एबीएसए को निर्देश दिया कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें कल शाम तक हर हाल में ड्यूटी ऑर्डर उपलब्ध करा दिया जाए। जो अध्यापक आदेश प्राप्त नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने छात्रावास, एकेडमिक ब्लॉक, कंप्यूटर लैब, डॉरमेन्ट्री व शौचालय निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्युत संयोजन में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताई और मुख्य अभियंता को पत्र भेजने व प्रतिलिपि प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा एवं विद्युत विभाग को देने को कहा। साथ ही विद्यालयों के ऊपर से हाई टेंशन तार हटाने के निर्देश दिए।

पंचायत चुनाव हेतु मतदान केंद्र बनाए जाने के लिए जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों की सूची ग्राम पंचायतवार तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तीन बार नीलामी में कोई न आए तो पीडब्ल्यूडी से मूल्यांकन कराकर पुनः नीलामी/ध्वस्तीकरण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने बच्चों का आधार पोस्ट ऑफिस, सीएससी और बैंक से शत प्रतिशत बनवाने तथा आरटीई के तहत पात्र बच्चों का निजी संस्थानों में प्रवेश सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, डीसी मनरेगा रामउदरेज यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।