आजमगढ़। जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संस्तुति और जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद तीन और लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त/निलंबित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 69 शस्त्र लाइसेंस पर कार्रवाई हो चुकी है।
जिले में कानून-व्यवस्था और लोकशांति बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आपराधिक प्रवृत्ति के शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार के अनुमोदन के बाद तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित किए गए हैं।
बताया गया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के देवकली तारन गांव निवासी सुरेश दुबे पुत्र हरिश्चंद्र दुबे का एसबीबीएल बंदूक लाइसेंस निरस्त किया गया है। वहीं रौनापार थाना क्षेत्र के पूराबालनारायण निवासी राकेश कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय महंगू यादव का रिवॉल्वर लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा सरायमीर थाना क्षेत्र के सड़वाहा गांव निवासी आद्या चौहान पुत्र वासुदेव चौहान का राइफल लाइसेंस निलंबित किया गया है।
पुलिस के अनुसार इन व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनके पास शस्त्र बने रहना जनहित में उचित नहीं पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि इनके कृत्यों से जनसुरक्षा और लोकशांति पर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जिले में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिन व्यक्तियों के पास शस्त्र होने से जनमानस की सुरक्षा को खतरा होगा, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
