रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के बहेलियापार गांव में बीती रात एक हादसे में दीप एकेडमिक विद्यालय के वाहन चालक करंट की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गए। जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बहेलियापार निवासी सूरज गिरी, उम्र 26 वर्ष, पुत्र सुरेंद्र गिरी, बुधवार रात लगभग 9:30 बजे अपने घर से मोटरसाइकिल पर अपने खेत जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से बिछाए गए तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और वहीं गिर पड़े। आसपास के लोग उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव सौ शैय्या अस्पताल अतरौलिया भेजा गया, जहां मौत की पुष्टि हुई।

सूरज गिरी दीप एकेडमिक विद्यालय में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे और माता लक्ष्मी, पिता सुरेंद्र गिरी (किसान), दो भाई रुदल व अर्जुन और दो बहनें सरिता व प्रियंका उनके जीवन का सहारा थे।

परिजन और गांव के लोग हादसे से गहरे सदमे में हैं। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि हीरालाल वर्मा और मोतीलाल वर्मा द्वारा अवैध रूप से बिछाए गए तार की वजह से उनके बेटे की मौत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।