आजमगढ़। यातायात माहनवम्बर के तहत थाना सिधारी क्षेत्र के नरौली तिराहे पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वाहन चालकों और आम जनमानस को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) और शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी नगर, जनपद आज़मगढ़ के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नुक्कड़ नाटक के जरिए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क उपयोग के लिए प्रेरित किया और बताया कि यातायात माह केवल नियमों की जानकारी देने का नहीं, बल्कि सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने का अवसर भी है। उपस्थित लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संकल्प लिया।
