आजमगढ़। भाजपा के रुद्राभिषेक व भंडारे के कार्यक्रम के दौरान बुधवार को पुलिस की अचानक की गई कार्रवाई से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिस ने नरौली पुल से बवाली मोड़ तक जाने वाले रास्ते पर रूट डायवर्जन कर दिया।

भाजपा की ओर से शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर पार्टी के जिला  कार्यालय में रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन किया गया था। पार्टी नेता व कार्यकर्ता हवन-पूजन में व्यस्त थे। इसी दौरान पुलिस ने बगैर किसी सूचना के कार्यालय जाने वाले मार्ग को दोनों तरफ से अवरुद्ध कर दिया।

नरौली पुल और बवाली मोड़ के बीच मार्ग पर किसी वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं थी। बैरिकेडिंग लगाकर दोनों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, जो वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकालते रहे। अचानक बदलाव से वाहन चालकों और आम नागरिकों को खासी दिक्कतें हुईं

एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि  रूट डायवर्जन नहीं किया गया था, बल्कि केवल भारी वाहनों की आवाजाही को रोका गया था। यदि भीड़ अधिक होती, तो चार पहिया वाहनों को भी थोड़ी देर के लिए रोके जाने के निर्देश दिए गए थे।