आजमगढ़। जिले में साइबर अपराध के मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता के चलते दो अलग-अलग प्रकरणों में पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। थाना सिधारी और थाना मुबारकपुर क्षेत्र के अंतर्गत साइबर फ्राड व ऑनलाइन लेनदेन से जुड़ी घटनाओं में कुल ₹36,903.90 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिधारी क्षेत्र के शाहगढ़ निवासी छात्र मुलायम चौहान पुत्र रामजनम चौहान टेलीग्राम ऐप पर प्राप्त एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। इस दौरान उनके बैंक खाते से ₹18,481.90 की धनराशि कट गई। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने पर थाना सिधारी की साइबर टीम ने साइबर सेल आजमगढ़ की तकनीकी सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
वहीं, थाना मुबारकपुर क्षेत्र के ग्राम कटरा निवासी सूरज कुमार पुत्र नन्दलाल गुप्ता से 18 अगस्त 2025 को गलती से ₹18,422 की रकम किसी अन्य के खाते में ट्रांसफर हो गई थी। इस मामले में पीड़ित ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही थाना मुबारकपुर की स्थानीय साइबर क्राइम टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि वापस कराई।
पुलिस द्वारा दोनों पीड़ितों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक परामर्श भी दिया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध के प्रमुख कारणों में गलत खाते या क्यूआर कोड पर पैसा ट्रांसफर करना, जल्दबाजी में ऑनलाइन भुगतान करना, फर्जी लिंक या कॉल पर भरोसा करना और डिजिटल लेनदेन की जानकारी का अभाव शामिल है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पैसे ट्रांसफर करने से पहले खाता विवरण की जांच करें, अनजान लिंक या क्यूआर कोड से भुगतान न करें, किसी को भी ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत लेनदेन रोकें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
