आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में डायल-112 पर चोरी की झूठी सूचना देने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सूचना फर्जी पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कथित चोरी का माल बरामद किया गया है।

शुक्रवार को थाना मेंहनगर क्षेत्र से डायल-112 पर चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान कथित चोरी की घटना संदिग्ध पाई गई। गहन छानबीन में यह तथ्य सामने आया कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने जानबूझकर अपने ही घर के आभूषण और नकदी छिपाकर पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने सूचना देने वाले अरुण कुमार पाण्डेय पुत्र शेषनाथ पाण्डेय, निवासी पटना अहिआई, थाना मेंहनगर को हिरासत में लिया।


पुलिस ने जांच के दौरान घर के परिसर से छिपाए गए आभूषण और नकदी बरामद कर ली। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद शनिवार को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।