आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में सोमवार की देर शाम सांड़ की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक संतलाल (55) की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। संतलाल मुबारकपुर का निवासी था और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, संतलाल रोज की तरह ई-रिक्शा लेकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मुबारकपुर धर्म कांटे के पास पहुंचा, सड़क किनारे घूम रहे सांड़ से टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अतरौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि संतलाल ही परिवार का मुख्य सहारा था। उसके एक बेटा और चार बेटियां हैं। ग्राम प्रधान प्रमोद यादव ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है ।
