रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।जिले  के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के साल्हेपुर गांव में गुरुवार की रात छेड़खानी के विरोध पर बुजुर्ग की पिटाई कर दी गई, जिसकी इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

साल्हेपुर गांव निवासी बिरजू राजभर (65) की पोती को गांव का ही युवक परेशान करता था। इसको लेकर बिरजू राजभर ने गुरुवार की रात करीब 10 बजे त्रिपुरारी को उलहना दी। इस पर विपक्षियों ने लाठी-डंडे और रॉड से बिरजू की पिटाई कर दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। 

उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद शुक्रवार की सुबह चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल अवस्था में बिरजू राजभर ने पुलिस को अपना बयान भी दिया था, जिसमें उन्होंने हमलावरों के नाम बताए।

जीयनपुर कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर अभी नहीं मिली है। फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।