रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।   मंगलवार को अपराह्न  पुलिस लाइन स्थित सभागार, जनपद आजमगढ़ में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ थाना एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन एवं  अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी थाना एएचटी के पर्यवेक्षण में, तथा क्षेत्राधिकारी नगर/सहायक नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में जनपद के व्यापारी बंधुओं, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई और उन्हें अत्यधिक प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में व्यापारीगणों ने सुरक्षा एवं यातायात से संबंधित विभिन्न समस्याओं को खुलकर रखा।

बैठक में व्यापारियों ने  समस्याएं रखीं कि थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पाण्डेयपुर के पास स्कूल की छुट्टी के समय भारी ट्रैफिक जाम हो जाता है। नरौली तिराहा एवं हरवंशपुर पुल के नीचे अवारा पशुओं के कारण मार्ग अवरुद्ध होना, सदर अस्पताल के सामने ई-रिक्शा चालकों द्वारा अव्यवस्थित खड़े होने से जाम की स्थिति रहती है। रेलवे स्टेशन चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों के कारण ट्रैफिक बाधा उत्पन्न हो जाती है और  जिला महिला अस्पताल में दो मुख्य द्वार होने के बावजूद केवल एक के प्रयोग से ट्रैफिक की समस्या रहती है।

समस्याओं को सुनकर इनके  त्वरित समाधान के लिए क्षेत्राधिकारी नगर ने उ0नि0 यातायात को निर्देशित किया ग कि पाण्डेयपुर स्कूल के सामने छुट्टी के समय पुलिसकर्मी तैनात कर ट्रैफिक नियंत्रित करें। सदर अस्पताल एवं रेलवे स्टेशन चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों को व्यवस्थित पार्किंग, नगर पालिका के आर.आई. को निर्देश दिया गया कि नरौली एवं हरवंशपुर पुल के नीचे से अवारा पशुओं को हटवाया जाए और महिला अस्पताल के द्वार संबंधी समस्या के समाधान हेतु सीएमओ से वार्ता कर कार्रवाई की जाए।इसके अतिरिक्त, व्यापारीगणों को सुझाव दिया गया कि वे दुकान के सामने निर्धारित सफेद पट्टी के भीतर ही दुकान लगाएं तथा सभी सर्राफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगवाएं, जिनका फोकस मुख्य मार्ग की ओर हो, जिससे कोई भी गतिविधि स्पष्ट रूप से देखी जा सके।

बैठक में थाना एएचटी के उ0नि0 बेचू प्रसाद यादव, उ0नि0 उमेश कुमार, उ0नि0 विधनेश वर्मा, आर.आई. नगर पालिका, उ0नि0 यातायात धन्नजय शर्मा सहित थाना एएचटी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण, व्यापारीगण, पेट्रोल पंप मालिक, सर्राफा व्यापारी आदि मौजूद रहे।