आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय जहरखुरानी-नकबजनी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तो ने ही 5 दिन पूर्व भवानीपट्टी में लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया था और झपट्टा मारी कर महिला के आभूषण लूट लिए थे।
बुधवार रात को थाना कप्तानगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जहरखुरानी, झपट्टामारी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल अभियुक्त गौरा पुलिया के पास किसी बड़ी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन निषाद पुत्र हनुमान निषाद, निवासी डाही शम्भूपुर थाना अहरौला के दाहिने पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से आनंद उर्फ बाबी पुत्र हनुमान निषाद तथा अमन निषाद पुत्र दशमी निषाद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 24 जनवरी को ग्राम भवानीपट्टी में लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को खिलाया गया था, जिसके बाद नाक की सोने की कील झपट ली गई। इसके अलावा 25/26 जनवरी तथा 27 जनवरी की रात कप्तानगंज और अहरौला क्षेत्र में दुकानों में सेंध लगाकर नकदी व सामान चोरी किया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, नकबजनी के औजार, सोने की नाक की कील, साबुन-सिगरेट-सर्फ पाउडर, लगभग 10 किलो अरहर की दाल, सरसों व रिफाइंड तेल तथा चोरी से संबंधित ₹5300 नगद बरामद किया है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
