रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ । शुक्रवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ जा रही एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन के गड्ढे में पलट गई, जिससे कार सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्लापार सर्विस लेन के टर्निंग पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया गया कि सरदहां बाजार थाना महाराजगंज क्षेत्र के कुछ लोग भाड़े की अर्टिगा कार से किसी कार्य से लखनऊ जा रहे थे। दुल्लापार के पास अंधे मोड़ पर अचानक चालक का नियंत्रण हटने से गाड़ी गड्ढे में जा पलटी। स्थानीय राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों की पहचान चालक बृजेश कुमार (40 वर्ष) निवासी चपरी चौकन्ना थाना महाराजगंज, विशंभर मौर्य (42 वर्ष) पुत्र मुकुंद चंद्र मौर्य निवासी बुदारी अमाद्दीनपुर, रविंद्र नाथ गुप्ता (50 वर्ष) पुत्र राम लखन गुप्ता निवासी महरुपुर थाना महराजगंज, कमला मद्धेशिया (70 वर्ष) पत्नी जमुना मद्धेशिया, विनय मद्धेशिया (30 वर्ष) पुत्र जमुना मद्धेशिया निवासी महराजगंज के रूप में हुई है।
गाड़ी विक्रम सिंह निवासी गोपालपुर थाना महराजगंज की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
