
आज़मगढ़। मकर संक्रांति के अवसर पर आजमगढ़ पुलिस लाइन में पारिवारिक उल्लास देखने को मिला। पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों की खुशियों और पारिवारिक माहौल ने आयोजन को खास बना दिया।
पतंगबाजी और खेलकूद के बीच सौहार्द और समरसता का संदेश दिया गया।
मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर वामा सारथी, उत्तर प्रदेश फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु पुलिस लाइन आजमगढ़ में हर्षोल्लास के साथ पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाया तथा सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के परिजन और बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजन के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति पर्व की खुशियाँ साझा कीं, जिससे पुलिस लाइन परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और कार्यक्रम पूरी तरह पारिवारिक रंग में नजर आया।
इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस परिवारों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
