रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में खेत की नाली को लेकर हुए विवाद में परिजनों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। घटना में लकड़ी का बेंत भी बरामद हुआ है। मामला शनिवार का है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को एक व्यक्ति ने थाना कन्धरापुर में सूचना दी थी कि उसके खेत में नाली का पानी बहाने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बहस के दौरान कई अभियुक्त एक राय होकर उसके परिजनों पर टूट पड़े और प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में उसके भाई को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य परिजनों को भी पीटकर घायल किया गया।
सूचना पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया। इसी क्रम में सोमवार को उ0नि0 प्रमोद मद्धेशिया, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और सोनू कुमार ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त रामवृक्ष राजभर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसे आजमपुर चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर बिलरियागंज मार्ग से दबोच लिया, साथ ही घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बेंत भी बरामद किया गया।
अभियुक्त को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
