आजमगढ़ । जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को डीजे वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बाईपास तिराहे के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार  देवगांव कोतवाली क्षेत्र स्थित बाईपास तिराहे (नहर के समीप) गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नरायनपुर नेवादा गांव निवासी विपिन कुमार (18 वर्ष) और चन्द्रभानपुर छावनी निवासी रोहित कुमार (18 वर्ष) बाइक से लालगंज से देवगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से आजमगढ़ की ओर विपरीत पटरी से आ रही डीजे वैन से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विपिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रोहित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।