रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।शहर कोतवाली पुलिस ने जिला कारागार के सरकारी खाते से धोखाधड़ी कर धनराशि निकालने के मामले में एक महिला को  रोडवेज परिसर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला आरोपी बंदी की पत्नी है।

बता दें कि बीते दस  अक्टूबर को जिला कारागार अधीक्षक आदित्य कुमार ने थाना कोतवाली में तहरीर दी थी कि जेल के सरकारी खाते से धोखाधड़ी कर ₹52,85,000/- की अवैध निकासी की गई है। जांच में सामने आया कि बंदी रामजीत यादव उर्फ संजय पुत्र रामाश्रय यादव के खाते में ₹2,60,000/- ट्रांसफर किए गए थे।

कार्यालय में कार्यरत दोनों बंदियों ने वरिष्ठ सहायक मुशीर अहमद व चौकीदार अवधेश कुमार पाण्डेय की मदद से जेल अधीक्षक की चेकबुक निकालकर, फर्जी हस्ताक्षर बनाते हुए धनराशि का दुरुपयोग किया। बताया गया कि चेकबुक और पासबुक की अभिरक्षा मुशीर अहमद के पास थी, जबकि बैंक से संबंधित कार्य अवधेश पाण्डेय द्वारा किया जाता था।

विवेचना के दौरान अभियुक्ता सतमी देवी पत्नी रामासरे, निवासी ग्राम जमुवा सागर, पोस्ट पतिलागौसपुर, थाना बिलरियागंज तथा नीतू पत्नी रामजीत यादव का नाम प्रकाश में आया। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सतमी देवी  को रोडवेज परिसर, आजमगढ़ से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।