आज़मगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में हुई मंडलीय कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक में त्योहारों की शांति से सम्पन्नता पर अधिकारियों ने संतोष जताया। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दशहरा से लेकर छठ पर्व तक सभी त्यौहार सकुशल संपन्न हुए हैं। उन्होंने आगामी आयोजनों को लेकर सतर्कता के निर्देश दिए और बिहार चुनाव के मद्देनज़र सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। वहीं, अपराधियों पर लगातार कार्रवाई व महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता की सराहना की गई। अभियोजन विभाग ने प्रभावी पैरवी से अपराधियों को सजा दिलाने पर मंडलायुक्त से प्रशंसा पाई।

मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में आज मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि दशहरा, दीपावली, भरत मिलाप, भाई दूज, छठ पर्व आदि त्यौहार सकुशल संपन्न कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर रन फॉर यूनिटी, 5 नवंबर को गुरु नानक जयंती, 16 नवंबर को उदा देवी शहीद दिवस और 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जयंती है, जिनको शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तीनों जनपदों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

डीआईजी ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनपद बलिया की सीमा बिहार प्रदेश से लगने के कारण पुलिस अधीक्षक बलिया को सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

संयुक्त निदेशक अभियोजन ने बताया कि प्रभावी पैरवी कराते हुए अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर एक्ट, वीएनएस एक्ट और पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में लगातार कड़ी पैरवी की जा रही है, जिससे अपराधियों को सजा मिल रही है।

बैठक में जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ इला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा सहित अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।