आजमगढ़। नगर के डीएवी कॉलेज परिसर में शनिवार को आयोजित गरबा महोत्सव को लेकर विवाद खड़ा हो गया। महोत्सव के आयोजक प्रवीण सोनकर ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कार्यक्रम को बदनाम करने के लिए कुछ लोगों ने पथराव की झूठी अफवाह फैलाई। पुलिस ने इस मामले में पूजा सिंह, सान्वी मौर्या और अभिषेक यादव उर्फ अभि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रवीण सोनकर ने बताया कि इन तीनों ने प्रतिस्पर्धा और आपसी जलन के कारण उनके आयोजन को निशाना बनाया। उनका कहना है कि इससे पहले भी आरोपित लोग कार्यक्रम में बाधा डालने की धमकी दे चुके थे। लेकिन जब महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, तभी पथराव की अफवाह फैला दी गई, जिससे लोगों में भ्रम और डर का माहौल पैदा हो गया।

आयोजक का आरोप है कि यह सब उनके प्रयासों और प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाहों से न केवल प्रतिभागियों और दर्शकों का उत्साह प्रभावित हुआ बल्कि आयोजन की छवि को भी ठेस पहुँची।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि नगर के डीएवी कालेज में गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में कुछ अराजक तत्त्वों ने अफवाह फैलायी कि पथराव हुआ, जिसमे दो तीन महिलाएं और कुछ अन्य लोग घायल हो गए। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। पूरा कार्यक्रम सही ढंग से संपन्न हुआ।  इस मामले में आयोजकों की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है