आजमगढ़। यूरिया की कालाबाजारी के मामले में चौथे दिन शुक्रवार को अहरौला थाने में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर एडीओ को-ऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव की तहरीर पर की गई। प्राथमिकी पारा मिश्रौली साधन सहकारी समिति के सचिव सुधीर कुमार सिंह और ट्रैक्टर चालक राजीव जायसवाल के खिलाफ दर्ज हुई है।
बताया गया कि बीते मंगलवार को पारा मिश्रौली साधन सहकारी समिति से 136 बोरी यूरिया ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर कहीं ले जाई जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही महेंद्र पाठक, विजय बहादुर सिंह, सत्यप्रकाश मिश्र, उमाकांत मिश्र सहित अन्य किसान फुलवरिया बाजार पहुंचे और ट्रैक्टर को घेर लिया। किसानों ने मामले की सूचना एसडीएम फूलपुर को दी।
सूचना पर नायब तहसीलदार राजाराम और अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद एडीओ को-ऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव भी पहुंचे और जांच शुरू की। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक ने बताया कि यूरिया को पारा मिश्रौली से बस्ती भुजबल ले जाने को कहा गया था।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली समेत यूरिया और चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि एडीओ को-ऑपरेटिव ने समिति के गोदाम को सील कर दिया। मामले के चौथे दिन जिलाधिकारी के आदेश पर समिति सचिव और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अहरौला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
