आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रही कक्षा नौ की 13 वर्षीय छात्रा का शुक्रवार दोपहर चार पहिया वाहन सवारों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन शनिवार देर शाम तक छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका। छात्रा के पिता की तहरीर पर एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय छात्रा एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। वह दो दिन पूर्व परीक्षा देने कॉलेज गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर में घर लौटते समय रास्ते में चार पहिया वाहन से आए एक महिला सहित सात लोगों ने छात्रा का अपहरण कर लिया।

घटना की जानकारी राहगीरों से मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद छात्रा के पिता ने अतरौलिया थाने में तहरीर दी।


अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।