आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव गांव में शनिवार दोपहर को एक घर में आग लगने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस दौरान घर की बहू रूबी पांडेय रहस्यमय ढंग से गायब हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने मामले को लेकर कहा कि वह अपने मायके चली गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुलतानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र के अनुरुखा अरसिया गांव निवासी रूबी की शादी 6 मार्च 2025 को सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव गांव में हुई थी। विवाहिता और उनके पति हिमांशु पांडेय के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह की खबरें सामने आती रही हैं।
शनिवार दोपहर रूबी और ससुर सत्यदेव पांडेय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान रूबी ने कथित तौर पर अपने ससुर के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गए। सत्यदेव इलाज के लिए बाजार चले गए। इसी समय ग्रामीणों ने सूचना दी कि घर में आग लग गई है।
आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने में मदद की, लेकिन तब तक बेडरूम सहित घर का काफी सामान जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, लेकिन रूबी का कोई सुराग नहीं मिला। इस पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गायब करने का आरोप लगाया।
सरायमीर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि मायके वालों के आरोप सही नहीं हैं। उन्होंने बताया कि रूबी अपने मायके चली गई हैं।
