आजमगढ़। नवरात्रि और आने वाले दशहरा पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आम जनता को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाना और बाजार में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य जाँच दल ने जनपद के विभिन्न बाजारों में छापेमारी की। लालगंज से रिफाइंड सोयाबीन आयल, रैदोपुर व परशुरामपुर से कुट्टू का आटा, रानी की सराय व मेहनगर से साबूदाना, पनीर और पापड़, सेमरी से बर्फी, सगड़ी से किशमिश व तिन्नी का चावल, फूलपुर से साबूदाना व सेंघा नमक, शाहगढ़ से चीज और विभिन्न स्थानों से दूध तथा बर्फी के कुल 21 नमूने जांच हेतु संकलित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रानी की सराय, मुबारकपुर, फूलपुर, सगड़ी और बिलरियागंज सहित अन्य बाजारों में बिक रहे कालातीत चिप्स व नमकीन का निरीक्षण किया। मुबारकपुर में एक दुकान व एक ठेले पर बिक रहे कालातीत चिप्स व नमकीन को नोटिस देकर मौके पर जब्त कर नष्ट किया गया। अब तक पर्व के दृष्टिगत विशेष छापेमारी अभियान में कुल 49 नमूने संकलित किए जा चुके हैं।
इसके अलावा, फूलपुर और मुबारकपुर में स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 और विनियम 2011 के तहत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में खाद्य पदार्थों की तैयारी, पैकेजिंग, रख-रखाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि छापेमारी अभियान आगामी त्यौहारों तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान जनता को फलाहार संबंधी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर सेवन करने की जागरूकता भी दी गई। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ पुराने स्टॉक नष्ट करने की चेतावनी दी गई।
इस टीम में रजनीश कुमार, गोविंद यादव, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, बेबी सोनम, राजीव कुमार सिंह, सुचित प्रसाद, संजय कुमार तिवारी शामिल थे।
