आजमगढ़। जिले में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला इकाई के गठन की प्रक्रिया शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। संघ के प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत भगत सिंह इंटर कॉलेज, हाफिजपुर सदर में नामांकन एवं निर्वाचन की कार्रवाई संपन्न कराई गई, जिसमें सभी प्रमुख पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंतलाल एवं प्रदेश महामंत्री रमेंद्र कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर समस्त जनपद शाखाओं में नामांकन/मतदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भगत सिंह इंटर कॉलेज, हाफिजपुर सदर आजमगढ़ में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन फार्म की बिक्री की गई।
इस दौरान जिला अध्यक्ष पद के लिए शिवाकांत यादव (सीपी यादव), जिला महामंत्री पद के लिए ओंकारनाथ, जिला कोषाध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र चौहान, जिला संगठन मंत्री पद के लिए अखिलेश यादव तथा जिला संप्रेक्षक पद के लिए जीत राय द्वारा नामांकन फार्म खरीदे गए।
इसके बाद 11 बजे से 12 बजे तक सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। चुनाव अधिकारी रमेश कुमार भारती द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें सभी नामांकन वैध पाए गए। किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया।


निर्धारित पदों के सापेक्ष केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण शिवाकांत यादव को जिला अध्यक्ष, ओंकारनाथ को जिला महामंत्री, राजेंद्र चौहान को जिला कोषाध्यक्ष, अखिलेश यादव को जिला संगठन मंत्री तथा जीत राय को जिला संप्रेक्षक पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संघ के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और कर्मचारियों के हित में बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, रतन, उमेश, रामाश्रय, सभाजीत सहित समस्त ब्लॉक अध्यक्षों व पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। चुनाव प्रक्रिया भगत सिंह इंटर कॉलेज हाफिजपुर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।