रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर ₹5 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस  के अनुसार, पीड़ित और आरोपी हसन रजा रिजवी सैय्यद पूर्व परिचित थे। दोनों का घरेलू संबंध था और व्यवसाय के सिलसिले में प्रार्थी का लखनऊ व दिल्ली आना-जाना रहता था। इसी दौरान आरोपी हसन  ने बीते 21 अप्रैल  को पीड़ित  के आजमगढ़ स्थित आवास पर आकर खुद को लखनऊ की एक कीमती जमीन का पावर ऑफ अटॉर्नी धारक बताया। उसने जमीन से संबंधित दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि अब्बास सैयद जुल्फिकार, जो वर्तमान में दुबई में रहते हैं, ने उसे आम्रपाली योजना की एक वाणिज्यिक भूमि बेचने का अधिकार दिया है। जमीन की कीमत लगभग ₹9.92 करोड़ बताई गई।

आरोपी की बातों पर विश्वास कर पीड़ित  ने दो गवाहों के सामने बयाने के तौर पर ₹5 लाख दिए। तय हुआ कि तीन महीने में शेष रकम अदा कर रजिस्ट्री कराई जाएगी। लेकिन दो महीने बाद जब प्रार्थी ने जमीन अपने नाम कराने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। समय सीमा पूरी होने पर भी संपर्क नहीं किया। शक होने पर प्रार्थी ने जमीन के असली मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि किसी भी प्रकार का पावर ऑफ अटॉर्नी नहीं दिया गया था और जमीन बेची नहीं जा सकती।

आरोपी द्वारा जाली दस्तावेज तैयार कर बेईमानी और छल से पैसे हड़पने का मामला उजागर हुआ। पैसे मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को रविवार को हाफिजपुर बठौली रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम हसन रजा रिजवी, लखनऊ का निवासी है।