रिपोर्ट:अरुण यादव

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सोमवार को थाना गम्भीरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया, जिसके दौरान पूरे परिसर, अभिलेखों, व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण में सीओ सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

सोमवार को एसएसपी आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने थाना गम्भीरपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले गार्द की सलामी ली और गार्द का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना कार्यालय में अभिलेखों को देखा, जहां कई प्रविष्टियां अद्यावधिक न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की निरंतर निगरानी करने, थाने की साफ-सफाई बनाए रखने और थानाध्यक्ष को अधीनस्थों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए। मेस का निरीक्षण करते हुए भोजन बनाने वाले अनुचर को साफ-सफाई और मेन्यू के अनुसार समय से भोजन तैयार करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान यातायात व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और कम्यूनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आपराधिक सूचनाओं के आदान-प्रदान में बेहतर तालमेल बनाने के लिए ब्रीफ किया गया। थाना परिसर में खड़े वाहनों को नियमानुसार निस्तारित करने की भी हिदायत दी गई।

थाना प्रांगण में आए फरियादियों से एसएसपी ने बातचीत की और उनकी समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया। अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्ती बरतने तथा ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए भी स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना क्षेत्र के सम्भ्रांत व्यक्तियों और चौकीदारों के साथ गोष्ठी की। सम्भ्रांत लोगों को सुरक्षा बढ़ाने के लिए अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं चौकीदारों को आपराधिक सूचनाएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए अंग-वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, जाम की स्थिति से निपटने और गली-मोहल्लों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।