आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट में नाना की संपत्ति हड़पने के लिए फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी मां और मौसी को कागजों में मृत दिखाकर नाना की जमीन अपने नाम वसीयत करा ली। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट निवासी मौजी शर्मा की बेटी कौशिल्या की शादी मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के टेसुआपर निवासी लौजारी के साथ हुई है। कौशिल्या के एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं उनकी दूसरी बेटी उमा की शादी रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद निवासी नन्हकू के साथ हुई है, जिनके दो बेटे हैं।
बताया गया कि दोनों बहनें बारी-बारी से अपने पिता मौजी शर्मा की देखरेख करती थीं और पिता की इच्छा थी कि उनकी संपत्ति दोनों बेटियों को मिले। 11 फरवरी 2025 को मौजी शर्मा का निधन हो गया।
आरोप है कि इसके बाद पता चला कि उमा का बेटा ऋषिकेश शर्मा निवासी हैदराबाद थाना रौनापार ने मौजी शर्मा से पूरी संपत्ति की वसीयत अपने नाम करा ली है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वसीयत के दस्तावेजों में ऋषिकेश शर्मा ने अपनी मां और मौसी कौशिल्या को मृत दिखाकर जमीन अपने नाम वसीयत करा ली।
मामले की जानकारी होने पर पीड़िता कौशिल्या ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने ऋषिकेश शर्मा निवासी हैदराबाद थाना रौनापार, ओमप्रकाश विश्वकर्मा निवासी घाघरा थाना जीयनपुर और राजेश कुमार राय निवासी लुचुई थाना जीयनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।