आजमगढ़। जिले  के जहानागंज थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था और वह फरार चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार,  आठ सितंबर 2025 को सागर राम निवासी धनारबांध थाना जहानागंज ने सूचना दी थी कि सात सितंबर 2025 को पुरानी रंजिश के चलते अभियुक्तों ने उनके पुत्र जयहिंद की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना जहानागंज पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि इस घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरोहबंद और समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर 18 मार्च 2026 को गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया।
इसी क्रम में गुरुवार को उपनिरीक्षक बीरबल यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त विजय कुमार उर्फ राजेन्द्र भुजही चट्टी पर कहीं भागने की फिराक में मौजूद है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भुजही चट्टी के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय कुमार उर्फ राजेन्द्र पुत्र स्वर्गीय निरहू राम निवासी धनारबांध थाना जहानागंज बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तारी के कारण से अवगत कराते हुए सुबह करीब पौने छह बजे गिरफ्तार कर लिया।